हजारीबाग। हजारीबाग के बडकागांव क्षेत्र के बरवाडीह में एक दुखद सड़क हादसे में तेतरी देवी की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि एनटीपीसी का एक हाईवा वाहन उन्हें कुचलकर फरार हो गया, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। यह वाहन तेल बेचकर लौट रहा था। इस हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जबरदस्त जाम लगा दिया है, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
लोग मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिए जाने की मांग कर रहे हैं। स्थानीय समाजसेवी सोनू इराकी ने एनटीपीसी पर आरोप लगाते हुए कहा कि कंपनी इस इलाके में लोगों की जान ले रही है। बताया जाता है कि इस क्षेत्र में एनटीपीसी के वाहनों से हादसे आए दिन होते रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंच गई है और लोगों को शांत करने का प्रयास कर रही है। समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम बना हुआ है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।

