गोड्डा। गोड्डा में पत्नी वंदना साह पर जानलेवा हमले की साजिश का चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस हमले की ‘मास्टरमाइंड’ महिला का अपना पति संतोष कुमार साह हैं, जो बिहार न्यायिक सेवा में न्यायाधीश हैं। गोड्डा एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने भागलपुर से तीन शूटर—श्याम कुमार साह, सुबोध कुमार साह और मो. आरिफ—को गिरफ्तार किया है। हथियार भी बरामद किए गए हैं।
पूछताछ में पता चला कि गोड्डा परिवार न्यायालय में चल रहे पारिवारिक विवाद से तंग आकर न्यायाधीश पति ने ही पत्नी की हत्या की साजिश रची। उन्होंने दो लाख रुपये की सुपारी देकर आरोपियों को यह जिम्मेदारी सौंपी। योजना के तहत 17 जनवरी की शाम, जब वंदना साह बाइक से गोड्डा जा रही थीं, तभी गांधीग्राम चौक के पास हमलावरों ने उन पर गोलीबारी कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
इस हमले के बाद पथरगामा थाना में मामला दर्ज किया गया था। तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने शूटरों को पकड़ा और फिर पूछताछ में न्यायाधीश पति की भूमिका का पर्दाफाश हुआ। पुलिस आगे की जांच कर रही है और साजिश के अन्य पहलुओं की भी तहकीकात कर रही है।

