रांची: झारखंड में शहरी स्थानीय निकाय चुनाव (Urban Local Body Elections) का इंतजार कर रहे प्रत्याशियों और जनता के लिए बड़ी खबर है। राज्य निर्वाचन आयोग के सूत्रों के अनुसार, जनवरी के अंतिम सप्ताह में चुनाव की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। आयोग ने आरक्षण संबंधी अधिसूचना जारी कर गजट भी प्रकाशित कर दिया है और चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।
राज्यपाल की मिली हरी झंडी चुनाव की तिथियों से संबंधित प्रस्ताव पर राजभवन की मुहर लग चुकी है। राज्यपाल की सहमति मिलने के बाद अब केवल अधिसूचना जारी होना शेष है। आयोग द्वारा जनवरी के अंत तक तारीखों का ऐलान होते ही राज्य में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी।
कुल 48 निकायों में होगा मतदान इस बार झारखंड के कुल 48 शहरी निकायों में चुनाव कराए जाएंगे। इसमें शामिल हैं:
09 नगर निगम
20 नगर परिषद
19 नगर पंचायत
ओबीसी आरक्षण और ट्रिपल टेस्ट की स्थिति गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने निकाय चुनावों में ओबीसी आरक्षण के लिए ‘ट्रिपल टेस्ट’ की बाध्यता अनिवार्य की थी। हालांकि, न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया था कि राज्य सरकारें ओबीसी आरक्षण के बिना भी चुनाव प्रक्रिया को आगे बढ़ा सकती हैं। इसी क्रम में राज्य निर्वाचन आयोग ने वर्तमान कानूनी प्रावधानों के तहत चुनाव कराने की पूरी तैयारी कर ली है। लंबे समय से प्रशासकों के भरोसे चल रहे नगर निकायों को अब जल्द ही नए जनप्रतिनिधि मिलेंगे।

