पूर्वी सिंहभूम। जिले के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालुबासा इंद्रानगर बस्ती में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से एक हृदयविदारक हादसा हो गया। इस अग्निकांड में 85 वर्षीय शोभा मुखर्जी की जलकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच हुई, जब घर के सभी सदस्य गहरी नींद में थे।
परिजनों के अनुसार, शोभा मुखर्जी रात का भोजन करने के बाद अपने कमरे में सोने चली गई थीं। देर रात अचानक कमरे से धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की तेज लपटों ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि परिवार को संभलने या उन्हें बाहर निकालने का मौका तक नहीं मिल सका।
आग और धुएं को देखकर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे और परिजनों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि आग की भयावहता के कारण वृद्धा को सुरक्षित बाहर निकालना संभव नहीं हो पाया। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक शोभा मुखर्जी की जलकर मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से आग को पूरी तरह बुझाया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। घटना के बाद इंद्रानगर बस्ती में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने और क्षेत्र में बिजली सुरक्षा व्यवस्था की जांच कराने की मांग की है।

