नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को शुरुआती कारोबार के दौरान दबाव का माहौल देखने को मिला। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों सूचकांक कमजोरी के साथ खुले और पहले घंटे के कारोबार में गिरावट के दायरे में ही बने रहे। हालांकि शुरुआती 15 मिनट की तेज बिकवाली के बाद बाजार में आंशिक रिकवरी भी देखने को मिली, लेकिन कुल मिलाकर रुख नकारात्मक ही रहा।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 265.21 अंक की गिरावट के साथ 83,968.43 अंक पर खुला। खुलते ही हल्की खरीदारी के दम पर यह 84,061.62 अंक तक पहुंचा, लेकिन जल्द ही बाजार में बिकवाली हावी हो गई। पहले 15 मिनट में सेंसेक्स 400 अंक से ज्यादा टूटकर 83,795.65 अंक तक फिसल गया। बाद में कुछ लिवाली लौटने से हालात में सुधार हुआ। सुबह 10:15 बजे तक सेंसेक्स 245.34 अंक की कमजोरी के साथ 83,988.30 अंक पर कारोबार कर रहा था।
इसी तरह एनएसई का निफ्टी 47.15 अंक गिरकर 25,906.70 अंक पर खुला। शुरुआती बिकवाली के चलते यह 25,822.30 अंक तक लुढ़क गया। हालांकि बाद में खरीदारी के सहारे इसमें हल्का सुधार हुआ। सुबह 10:15 बजे निफ्टी 72.55 अंक की गिरावट के साथ 25,881.30 अंक पर ट्रेड करता नजर आया।
बाजार में सेक्टोरल स्तर पर आईटी शेयरों में भारी दबाव देखा गया। इन्फोसिस, विप्रो, टेक महिंद्रा, टीसीएस और एचसीएल टेक्नोलॉजी के शेयर 4.50 प्रतिशत से 3.40 प्रतिशत तक टूट गए। इसके विपरीत बैंकिंग और मेटल सेक्टर के कुछ शेयरों ने मजबूती दिखाई। श्रीराम फाइनेंस, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा स्टील और ओएनजीसी 1.16 प्रतिशत से 0.75 प्रतिशत तक की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।
बाजार की चौड़ाई भी कमजोर रही। कुल 2,659 शेयरों में ट्रेडिंग हो रही थी, जिनमें से 906 शेयर हरे निशान में और 1,753 शेयर लाल निशान में थे। सेंसेक्स के 30 में से 11 शेयर बढ़त में, जबकि 19 शेयर गिरावट में थे। वहीं निफ्टी के 50 में से 18 शेयर मजबूती और 32 शेयर कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे।
गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन बुधवार को सेंसेक्स मामूली गिरावट के साथ 84,233.64 अंक पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 25,953.85 अंक पर हल्की बढ़त के साथ बंद हुआ था। निवेशकों की नजर अब वैश्विक संकेतों, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों और सेक्टोरल ट्रेंड पर बनी हुई है।

