काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू से दुबई की सभी उड़ानें अस्थायी रूप से रद्द कर दी गई हैं। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के पास सोमवार को हुए ड्रोन हमले के बाद सुरक्षा कारणों से हवाईअड्डा बंद कर दिया गया, जिससे नेपाल की सभी एयरलाइन प्रभावित हुई हैं। नेपाल एयरलाइंस, हिमालय एयरलाइंस और फ्लाई दुबई ने यात्रियों से हवाईअड्डा न आने और टिकट व्यवस्था ऑनलाइन करने का अनुरोध किया है।
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद खाड़ी क्षेत्र में मिसाइल और ड्रोन हमलों में तेजी आई है। इससे पहले 28 फरवरी से दुबई हवाईअड्डा छह दिनों तक बंद रह चुका है। हमलावर अमेरिकी कूटनीतिक मिशन, सैन्य अड्डों, तेल अवसंरचना, बंदरगाहों, हवाईअड्डों और होटलों को निशाना बना रहे हैं।
सोमवार को दुबई हवाईअड्डे के पास हुए ड्रोन हमले में एक ईंधन टैंक में आग लग गई। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन ने हवाईअड्डा बंद करने का फैसला किया। काठमांडू से दुबई जाने वाली फ्लाई दुबई, एमिरेट्स, हिमालय एयरलाइंस और नेपाल एयरलाइंस की उड़ानें प्रभावित हैं।
एयरलाइंस ने यात्रियों को नियमित अपडेट के लिए वेबसाइट चेक करने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने खाड़ी देशों में फंसे नेपाली नागरिकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन जारी की है।

