रांची। झारखंड विधानसभा के पास जगन्नाथपुर मंदिर के समीप सोमवार को पुलिस ने छात्रों पर लाठीचार्ज कर दिया। जेटेट परीक्षा जल्द कराने की मांग को लेकर राज्य के अलग-अलग हिस्सों से आए छात्र प्रदर्शन कर रहे थे। छात्रों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी मांग रखना चाहते थे।
बड़ी संख्या में छात्र बैरिकेडिंग के पास इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने उन्हें वहां से हटाने का प्रयास किया, जिसके दौरान धक्का-मुक्की हुई। स्थिति बिगड़ती देख डीएसपी ने लाठीचार्ज का आदेश दे दिया। इसमें आजसू छात्र संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू महतो समेत कई छात्र घायल हो गए।
आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना गलत है और इसके लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन द्वारा छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। आजसू ने सरकार से मांग की है कि जेटेट परीक्षा जल्द से जल्द आयोजित कराई जाए।

