रांची। रामनवमी पर्व को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बुधवार देर रात झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा की अध्यक्षता में रांची एसएसपी कार्यालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में डीजीपी ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने, संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले इलाकों की पहचान कर विशेष सतर्कता बरतने तथा जुलूस और शोभायात्रा के रूट का भौतिक सत्यापन करने पर जोर दिया।
साथ ही सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। डीजीपी ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह तैयार रहे।
बैठक में एडीजी सीआईडी सह रांची जोन के आईजी मनोज कौशिक, एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर सहित सभी डीएसपी और थाना प्रभारी उपस्थित थे।

