रांची। भगवान महावीर जयंती के पावन अवसर पर रांची नगर निगम ने शहर के सभी मांस, मछली और मुर्गा की दुकानों को बंद रखने का सख्त आदेश जारी किया है। निगम के अनुसार, 31 मार्च को नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी बूचड़खानों तथा मांस, मछली और मुर्गा की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगी। इस दिन इन वस्तुओं की खरीद-बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि कोई भी दुकानदार इस आदेश का उल्लंघन करता हुआ पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन की टीमें इस दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में निगरानी करेंगी, ताकि आदेश का पालन सुनिश्चित किया जा सके।
यह निर्णय हर वर्ष महावीर जयंती के अवसर पर अहिंसा के संदेश को ध्यान में रखते हुए लिया जाता है। जैन समाज के सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक महावीर जयंती पर भगवान महावीर के जीवन और उनके अहिंसा के सिद्धांतों को याद किया जाता है। नगर निगम ने सभी व्यापारियों और आम नागरिकों से धार्मिक भावना का सम्मान करते हुए इस आदेश का पालन करने की अपील की है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण और श्रद्धापूर्वक मनाया जा सके।

