रांची। झारखंड के सारंडा इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच जोरदार मुठभेड़ हुई। सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों का सामना माओवादियों से हो गया, जिसके बाद दोनों ओर से गोलियां चलने लगीं। मौके पर सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन, झारखंड जगुआर और जिला पुलिस बल तैनात हैं। फायरिंग में एक कोबरा जवान को गोली लगी है, जिसे एयरलिफ्ट करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, यह मुठभेड़ इनामी माओवादी मिसिर बेसरा के दस्ते के साथ चल रही है। बुधवार को वजंगल से अपना कैंप शिफ्ट कर रहे नक्सलियों ने पुलिस को देखते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में कई नक्सलियों के मारे जाने की खबर है, हालांकि अभी तक कोई शव बरामद नहीं हुआ है। दोनों तरफ से रुक-रुक कर गोलीबारी जारी है।
सारंडा में पिछले कई दिनों से बचे हुए नक्सलियों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है। सुरक्षा बलों ने घेराबंदी तेज कर दी है। देखना होगा कि इस मुठभेड़ में कितने नक्सली ढेर हुए।
