धनबाद। धनबाद के लोयाबाद क्षेत्र में एक बार फिर भू-धंसान की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। कनकनी हनुमान बाजार स्थित बंद पड़ी हिलटाप आउटसोर्सिंग कंपनी के कार्यालय के पास अचानक तेज आवाज के साथ जमीन धंस गई। घटना के तुरंत बाद वहां से जहरीली गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के लोग घबरा गए और अफरातफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जमीन धंसने से करीब 20 से 25 फीट के दायरे में बड़ा गोफ बन गया। घटना इतनी अचानक हुई कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले दो-तीन दिनों से जमीन धीरे-धीरे धंस रही थी, लेकिन इस ओर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कोलियरी प्रबंधन मौके पर पहुंचा और प्रभावित क्षेत्र को मिट्टी से भराई कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि गैस रिसाव को लेकर लोगों में अब भी भय बना हुआ है।
गौरतलब है कि जिस स्थान पर यह घटना हुई है, उसके आसपास श्रमिक कॉलोनियां स्थित हैं। ऐसे में वहां रहने वाले लोगों की चिंता और बढ़ गई है। यह इलाका पहले से ही भू-धंसान और भूमिगत आग से प्रभावित माना जाता है, जिससे यहां इस तरह की घटनाओं का खतरा हमेशा बना रहता है। प्रशासन और प्रबंधन की ओर से निगरानी बढ़ा दी गई है, लेकिन स्थानीय लोग स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

