रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन अब रांची में टीम इंडिया के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के पड़ोसी बनने जा रहे हैं। रांची के नगड़ी अंचल के दलादली इलाके में ईशान किशन के एक बेहद आलीशान प्रोजेक्ट की तैयारी तेज हो गई है। फफऊअ ने उनकी 11 मंजिला बिल्डिंग के नक्शे को पास कर दिया है।
धोनी के फार्म हाउस से सिर्फ 300 मीटर दूर
इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात यह है कि यह महेंद्र सिंह धोनी के मशहूर फार्म हाउस से महज 300 मीटर की दूरी पर बनने जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, दलादली इलाके में करीब 75 डिसमिल जमीन पर यह बहुमंजिला बिल्डिंग खड़ी की जाएगी। रिंग रोड के किनारे बनने वाली इस बिल्डिंग का डिजाइन जी-प्लस 10 यानी ग्राउंड फ्लोर के अलावा 10 मंजिल का होगा।
नीचे दुकानें-आॅफिस, ऊपर होंगे लग्जरी फ्लैट्स
इस 11 मंजिला बिल्डिंग को कमर्शियल और रेसिडेंशियल, दोनों तरह से इस्तेमाल किया जाएगा:
शुरूआती दो फ्लोर में आॅफिस और बड़े-बड़े शोरूम बनाए जाएंगे।
ऊपर के आठ फ्लोर में रहने के लिए बेहद आलीशान् फ्लैट्स तैयार किए जाएंगे।
सोसाइटी में मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं
ईशान किशन के इस ड्रीम प्रोजेक्ट को हर तरह की मॉडर्न सुख-सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। इस सोसाइटी के अंदर रहने वाले लोगों के लिए स्विमिंग पूल, हाई-टेक जिम, इंडोर गेम्स और बच्चों के लिए प्लेग्राउंड, गेस्ट हाउस और कम्युनिटी हॉल, खूबसूरत गार्डन, सैलून, पार्लर, मेडिकल स्टोर और डिपार्टमेंटल स्टोर होंगे।
ईशान किशन ने दिसंबर 2022 में ही इस जमीन पर पूजा कर दी थी। इस प्रोजेक्ट को पूरा करने के लिए उन्होंने ‘शगुन ईशान इंफ्रा’ नाम से अपनी एक इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनी भी बनाई है, जो इस पूरे प्रोजेक्ट पर काम कर रही है। तभी से रांची में यह चर्चा जोरों पर थी कि ईशान जल्द ही धोनी के पड़ोसी बनने वाले हैं, जिस पर अब नक्शा पास होने के बाद मुहर लग गई है।

