रांची। झारखंड के रांची जिले के तमाड़ थाना क्षेत्र में जमीन विवाद के चलते किसान की निर्मम हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी कुईला महतो को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई लोहे की दाउली भी बरामद कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि दोनों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जिसने आखिरकार हत्या का रूप ले लिया।
तमाड़ थाना प्रभारी दुलाल कुमार महतो ने शनिवार को बताया कि 24 जून को बारेडीह गांव में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान गोविंद महतो के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच और परिजनों से पूछताछ में यह सामने आया कि गोविंद महतो और कुईला महतो के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी वजह से दोनों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़े की घटनाएं होती रहती थीं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि घटना वाले दिन गोविंद महतो अपने खेत में बीज बोने गया था। काम खत्म करने के बाद वह खेत में एक पेड़ की छांव में बैठा हुआ था। इसी दौरान आरोपी कुईला महतो पीछे से वहां पहुंचा और लोहे की दाउली से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से गोविंद महतो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपी घटना के बाद फरार हो गया।
मृतक के पिता रामायण महतो की लिखित शिकायत पर 26 जून को तमाड़ थाना में कांड संख्या 38/2026 दर्ज किया गया। तकनीकी एवं मानवीय साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दाउली भी बरामद कर ली गई। मामले की जांच में तमाड़ थाना के गणेश चौड़े, निमाई सोरेन तथा सशस्त्र बल के जवानों की अहम भूमिका रही। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

