-25 से अधिक घायल, कई की हालत गंभीर; हादसे के बाद घंटों बाधित रहा NH-33
रामगढ़। रामगढ़ जिले के रांची–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-33) स्थित चुट्टूपालू घाटी में मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। तेज रफ्तार से घाटी की ओर उतर रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर अचानक चालक के नियंत्रण से बाहर हो गया और आगे चल रहे वाहनों को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मारता चला गया। इस दर्दनाक हादसे में छह कार, तीन मोटरसाइकिल, दो कंटेनर और एक बस समेत कुल 12 वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना में 25 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिनमें 12 से ज्यादा की हालत गंभीर बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि समाचार लिखे जाने तक किसी के मौत की पुष्टि नहीं हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, चुट्टूपालू घाटी में वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान तेज गति से नीचे उतर रहा ट्रेलर समय रहते ब्रेक नहीं लगा सका और कई वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक कार ट्रेलर और कंटेनर के बीच बुरी तरह फंस गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
स्थानीय लोगों ने बिना देर किए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस के पहुंचने से पहले कई घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन प्रकाश पांडे और सब-इंस्पेक्टर सुरेश उरांव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों से विभिन्न अस्पतालों में इलाज के लिए भेजा। साथ ही क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने का अभियान शुरू किया गया।
हादसे के कारण रांची से हजारीबाग जाने वाली लेन पर लंबा जाम लग गया। कई घंटों तक यातायात बाधित रहा, जिसके बाद पुलिस ने वन-वे व्यवस्था लागू कर वाहनों का परिचालन शुरू कराया। अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाने के बाद यातायात सामान्य करने की कोशिश जारी रही।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर कई वाहनों से टकरा गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। वहीं, सब-इंस्पेक्टर सुरेश उरांव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस ने राहत अभियान शुरू कराया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में घायल वाहन चालक समीर कुमार ने बताया कि वह घाटी से नीचे उतर रहे थे, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने कई वाहनों को टक्कर मार दी। उन्होंने कहा कि कुछ ही सेकंड में पूरा दृश्य बदल गया और चारों ओर चीख-पुकार मच गई। समय पर पहुंचे स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उनकी जान बच सकी।
इस घटना के बाद एक बार फिर चुट्टूपालू घाटी की सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस घाटी में अक्सर ओवरस्पीडिंग और ब्रेक फेल होने जैसी घटनाओं के कारण बड़े हादसे होते हैं। लोगों ने प्रशासन से घाटी क्षेत्र में स्पीड मॉनिटरिंग सिस्टम, अतिरिक्त चेतावनी संकेत, भारी वाहनों की सख्त निगरानी और स्थायी सुरक्षा उपाय लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

