रांची। राजधानी रांची में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शनिवार देर रात पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक (सिटी एसपी) पारस राणा के नेतृत्व में शहर के विभिन्न इलाकों में सड़क किनारे शराब पीने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वाले पब-बार के खिलाफ एक साथ कार्रवाई की गई।
पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कई शराब दुकानों के बाहर लोग अपने वाहन खड़े कर खुलेआम शराब का सेवन करते हैं और देर रात तक हुड़दंग मचाते हैं। इससे राहगीरों, स्थानीय लोगों, महिलाओं और परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में औचक जांच अभियान चलाया।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति भंग करने वाले कई लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की सख्त चेतावनी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर शराब पीकर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से कार्रवाई जारी रहेगी।
इसी क्रम में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शहर के करीब एक दर्जन पब और बार का भी देर रात निरीक्षण किया। जांच के दौरान संचालन समय, लाइसेंस की शर्तों, सुरक्षा मानकों और अन्य वैधानिक नियमों के अनुपालन की पड़ताल की गई। पुलिस ने कहा कि जिन प्रतिष्ठानों में नियमों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि शहर में सुरक्षित और व्यवस्थित माहौल बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार चलाए जाएंगे।

