रांची: झारखंड सरकार की मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत राज्य की लाखों महिलाओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। जिला प्रशासन ने योजना के पात्र लाभुकों के बैंक खातों में अप्रैल, मई और जून 2026 की तीन माह की सम्मान राशि एक साथ ट्रांसफर कर दी है। प्रत्येक पात्र महिला को ₹7,500 की राशि आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में भेजी गई है।
जिला प्रशासन के अनुसार, इस चरण में जिले की 3,66,664 महिलाओं को योजना का लाभ मिला है। इसके लिए कुल ₹274.99 करोड़ की राशि जारी की गई। प्रशासन का कहना है कि आधार आधारित DBT प्रणाली के कारण लाभ की राशि बिना किसी बिचौलिये के सीधे लाभुकों के खातों में पहुंची है।
आंकड़ों के अनुसार, सबसे अधिक लाभुक कांके प्रखंड में 31,094 हैं। इसके बाद टाउन अर्बन (25,006), मांडर (22,885) और सिल्ली (21,031) में बड़ी संख्या में महिलाओं को योजना का लाभ मिला। इसके अलावा बेड़ो, चान्हो, रातू, तमाड़, नगड़ी, नामकुम और ओरमांझी सहित अन्य प्रखंडों में भी हजारों महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई है।
जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जिन क्षेत्रों में भुगतान अभी लंबित है, वहां भी पात्र लाभुकों को जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाए। बड़गाईं अंचल और ईटकी प्रखंड के लाभुकों के खातों में भी जल्द राशि भेजे जाने की प्रक्रिया जारी है।

