मेदिनीनगर। पलामू जिले के मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र में रविवार की शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक आक्रामक आवारा कुत्ते ने गांधी मैदान और नई मोहल्ला इलाके में तांडव मचा दिया। कुत्ते ने महज आधे घंटे के भीतर खेल रहे 10 मासूम बच्चों पर हमला कर उन्हें काटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस अचानक हुए हमले से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों के बीच दहशत फैल गई।
घटना के तुरंत बाद बदहवास परिजन घायल बच्चों को लेकर मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) पहुंचे। एक के बाद एक कई बच्चों के खून से लथपथ होकर अस्पताल पहुंचने से वहां भी कुछ देर के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने तत्परता दिखाते हुए सभी बच्चों का प्राथमिक उपचार किया और उन्हें एंटी-रेबीज वैक्सीन समेत जरूरी दवाइयां दीं। चिकित्सकों का कहना है कि सही समय पर इलाज मिलने से सभी बच्चों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर और सामान्य है।
इस रूह कंपा देने वाली घटना के बाद स्थानीय नागरिकों में नगर निगम प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का स्पष्ट आरोप है कि गांधी मैदान और उसके आसपास के इलाकों में काफी समय से आवारा कुत्तों का जमावड़ा और खौफ बना हुआ है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद नगर निगम द्वारा आवारा कुत्तों को पकड़ने या उनकी नसबंदी का कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। प्रशासन की इसी घोर लापरवाही की वजह से आज 10 मासूम बच्चों को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी।
फिलहाल इस वारदात के बाद पूरे क्षेत्र में खौफ का माहौल बना हुआ है और लोग अपने छोटे बच्चों को घर से बाहर भेजने में कतरा रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और जिला प्रशासन से मांग की है कि इलाके में तुरंत विशेष अभियान चलाकर खूंखार कुत्तों को पकड़ा जाए ताकि भविष्य में ऐसी किसी बड़ी दुर्घटना को रोका जा सके।

