रांची। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश और यातायात पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में रांची शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में शुक्रवार को एक विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत दोपहिया, चारपहिया, ऑटो और टोटो वाहनों की सघन जांच की गई, जिसमें यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 3,539 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटे गए।
इस विशेष अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई नो-पार्किंग जोन और सड़क पर वाहन खड़ा करने के मामलों में की गई, जिसके तहत 1,639 चालान जारी किए गए। इसके अलावा, बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 1,571 चालकों पर भी शिकंजा कसा गया। जांच के दौरान अन्य ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई, जिसमें रेड लाइट पार करने के 177, नो-एंट्री का उल्लंघन करने के 51, और गलत दिशा में वाहन चलाने के 17 मामले शामिल रहे।
पुलिस की इस सख्ती में बिना ड्राइविंग लाइसेंस के गाड़ी चलाने वाले 13, सीट बेल्ट नहीं लगाने वाले 10, फिक्सर लाइट का इस्तेमाल करने वाले 10, और अतिरिक्त सवारी बैठाने वाले 9 चालकों के चालान काटे गए। साथ ही, प्रदूषण प्रमाणपत्र न होने पर 8, फैंसी नंबर प्लेट के 7, बिना यूनिफॉर्म के 5, पिलियन राइड नियम का उल्लंघन करने वाले 5, और ब्लैक फिल्म लगे वाहनों के 4 चालान बनाए गए। इसके अतिरिक्त, टो किए गए वाहनों के 3, बीमा न होने के 2, प्रेशर हॉर्न के 2, ट्रिपल राइडिंग का 1 और अन्य श्रेणी के 5 मामलों में भी चालान की कार्रवाई की गई।

