रांची। जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, विभिन्न विसंगतियों और अभ्यर्थियों की लंबित मांगों को लेकर बुधवार को राजधानी रांची में संविधान यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शाम तीन बजे जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से शुरू होकर फिरायालाल चौक तक पहुंचेगी। इसमें राज्य के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों और छात्र-छात्राओं के शामिल होने की संभावना है।
संविधान यात्रा को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। शहर के कई प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। राजभवन की सुरक्षा को विशेष रूप से मजबूत किया गया है, जबकि शहीद चौक, फिरायालाल चौक, कचहरी चौक, राजभवन और मोरहाबादी की ओर जाने वाले कुछ मार्गों पर एक तरफ से आवागमन सीमित कर दिया गया है।
यात्रा के प्रारंभिक स्थल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम के आसपास करीब 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। इसके अलावा राजभवन के मुख्य प्रवेश द्वार पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को लगाया गया है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि संविधान यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरे मार्ग पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी तथा सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सतर्क रहेगी।

