पलामू: पलामू व्यवहार न्यायालय परिसर से शनिवार को न्याय रथ को रवाना किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीराम शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर इसे जिले के विभिन्न प्रखंडों के लिए रवाना किया। यह न्याय रथ पूरे अगस्त माह तक जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को कानूनी अधिकारों, विधिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करेगा।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीराम शर्मा ने कहा कि न्याय रथ के माध्यम से राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा), झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) तथा केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कानूनी जानकारी के अभाव में कोई भी व्यक्ति न्याय पाने से वंचित न रह जाए।
उन्होंने बताया कि विधि स्वयंसेवक, पैनल अधिवक्ता और लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता गांव-गांव जाकर लोगों को उनके अधिकारों और उपलब्ध विधिक सहायता के बारे में जागरूक करेंगे। साथ ही न्याय रथ के माध्यम से लोगों की समस्याएं और शिकायतें भी सुनी जाएंगी तथा उनके समाधान का प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर कुटुंब न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश संजीव कुमार दास, जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अखिलेश कुमार, राज कुमार मिश्रा, श्वेता ढींगरा, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी मनोरंजन कुमार सहित न्यायिक पदाधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के चीफ अमिताभ चंद्र सिंह, डिप्टी चीफ संतोष कुमार पांडेय, अधिवक्ता, पीएलवी तथा न्यायालय से जुड़े अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

