पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम के टेल्को थाना क्षेत्र के हुडको इलाके में स्थित बंद पड़े टाटा मोटर्स क्वार्टर में जन्मदिन मनाने पहुंचे एक युवक और गश्त कर रहे टाइगर मोबाइल जवानों के बीच बुधवार रात तीखा विवाद हो गया, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। इस घटना में टाइगर मोबाइल जवान सुजीत कुमार के सिर में गंभीर चोट आई है, जबकि उनके साथी जवान चुन्नू राम सोरेन के साथ भी हाथापाई और दुर्व्यवहार किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक पार्क निवासी आदित्य करवा को हिरासत में ले लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आदित्य करवा अपना 18वां जन्मदिन मनाने के लिए एक युवती के साथ हुडको स्थित बंद पड़े क्वार्टर नंबर 152 में गया था। इसी दौरान इलाके में रुटीन गश्त पर निकले टाइगर मोबाइल जवान सुजीत कुमार और चुन्नू राम सोरेन की नजर उस क्वार्टर में मौजूद युवक-युवती पर पड़ी। सुनसान और वीरान पड़े क्वार्टर में संदिग्ध स्थिति में होने के कारण जवानों ने जब युवक से पूछताछ शुरू की, तो दोनों पक्षों के बीच बहस छिड़ गई।
आरोप है कि बातचीत के दौरान गुस्साए आदित्य ने जवानों के साथ बदसलूकी और हाथापाई शुरू कर दी। इसी दौरान वहाँ पड़े एक पत्थर से सुजीत कुमार के सिर पर वार कर दिया गया, जिससे वे लहूलुहान होकर घायल हो गए। इसके साथ ही, दूसरे जवान चुन्नू राम सोरेन के साथ भी मारपीट करने और उन्हें दांत से काटने का गंभीर आरोप भी युवक पर लगा है। घटना की सूचना मिलते ही टेल्को थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और मौके पर पहुँचकर आरोपी आदित्य को हिरासत में लेकर थाने ले आई।
घटना के बाद दोनों घायल जवानों का नजदीकी अस्पताल में प्राथमिक उपचार कराया गया। पुलिस इस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं, घटनास्थल पर मौजूद अन्य लोगों तथा विवाद के असली कारणों की बारीकी से छानबीन कर रही है। मौके पर एक अन्य युवक और युवती के भी मौजूद होने की बात सामने आई है। टेल्को थाना प्रभारी सुरेंद्र प्रसाद ने बताया कि पुलिस मामले की हर एंगल से जाँच कर रही है, और जाँच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

