रांची। राजधानी रांची और आसपास के इलाकों में साइबर अपराधियों ने चार लोगों को अपना निशाना बनाया है। अपराधियों ने मोबाइल हैकिंग और फर्जी लिंक के जरिए चार लोगों के बैंक खातों से कुल 14 लाख 87 हजार 266 रुपये की अवैध निकासी कर ली। ठगी के शिकार लोगों में बुजुर्ग से लेकर युवती तक शामिल हैं। सभी पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाना और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामलों की जांच में जुट गई है।
साइबर अपराधियों ने ठगी के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए। किसी का मोबाइल करीब दो घंटे तक बंद रहा और इस दौरान खाते से रुपये निकाल लिए गए, तो किसी ने अनजान लिंक पर क्लिक कर दिया। वहीं, एक बुजुर्ग के खाते से दो ट्रांजेक्शन में 7.45 लाख रुपये निकाल लिए गए।
मोबाइल बंद हुआ और खाते से निकल गए 99 हजार रुपये
साइबर ठगी का पहला मामला अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर का है। यहां रहने वाले सुबोध कुमार का मोबाइल नंबर हैक कर बैंक खाते से 99 हजार रुपये निकाल लिए गए। उनका बैंक ऑफ इंडिया की हरमू शाखा में खाता है।
जानकारी के अनुसार, उनका मोबाइल करीब दो घंटे तक बंद रहा। मोबाइल दोबारा चालू होने पर उन्हें खाते से रुपये निकाले जाने की जानकारी मिली। अपराधियों ने चार अलग-अलग ट्रांजेक्शन में 50 हजार, 30 हजार, 15 हजार और 4 हजार रुपये निकाल लिए। इस दौरान उनके पास ठगों का कोई फोन कॉल भी नहीं आया। पीड़ित ने चारों ट्रांजेक्शन के संदर्भ नंबर पुलिस को उपलब्ध कराए हैं।
बुजुर्ग के खाते से दो ट्रांजेक्शन में उड़ाए 7.45 लाख
दूसरा मामला नामकुम थाना क्षेत्र के अमेठिया नगर का है। यहां रहने वाले 68 वर्षीय जय किशोर शर्मा के उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के खाते से 6 नवंबर की रात 7 लाख 45 हजार रुपये निकाल लिए गए।
अपराधियों ने पहली बार में 2 लाख 50 हजार और दूसरी बार में 4 लाख 95 हजार रुपये की निकासी की। दोनों ट्रांजेक्शन के बाद रात 10:16 और 10:18 बजे उनके मोबाइल पर मैसेज आया। खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलते ही उन्होंने बैंक के हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर खाता फ्रीज कराने की प्रक्रिया शुरू कराई। इसके बाद साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
फर्जी लिंक पर क्लिक करते ही युवती के दो खातों से निकले 2.48 लाख
तीसरा मामला सिकिदिरी थाना क्षेत्र के जयडीहा कुसुमटोली का है। यहां रहने वाली 21 वर्षीय निरासो कुमारी के दो बैंक खातों से कुल 2 लाख 48 हजार 500 रुपये की निकासी कर ली गई।
पीड़िता के अनुसार, 6 अक्टूबर को उनके मोबाइल पर एक अनजान लिंक आया था। उन्होंने उस लिंक पर क्लिक कर दिया। इसके अगले दिन उनका मोबाइल बंद हो गया। बाद में 28 अक्टूबर को बैंक खातों की जांच कराने पर उन्हें साइबर ठगी की जानकारी मिली। उनके एक खाते से 77 हजार रुपये और दूसरे खाते से 1 लाख 71 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए थे। इसके बाद उन्होंने साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई।
विजय तिर्की के खाते से 4.14 लाख रुपये की निकासी
चौथा मामला कोकर के डेला टोली जेवियर नगर का है। यहां रहने वाले विजय तिर्की के केनरा बैंक खाते से 9 नवंबर को दो ट्रांजेक्शन के जरिए 4 लाख 14 हजार 766 रुपये निकाल लिए गए।
पहले ट्रांजेक्शन में 2 लाख 67 हजार 766 रुपये और दूसरे ट्रांजेक्शन में 1 लाख 47 हजार रुपये की निकासी हुई। खाते से रुपये गायब होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने शिकायत से संबंधित एक्नॉलेजमेंट नंबर भी पुलिस को उपलब्ध कराया है।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
साइबर अपराध से बचने के लिए मोबाइल पर आने वाले अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें। किसी भी व्यक्ति के साथ बैंक खाते का ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और यूपीआई पिन साझा नहीं करें। अनजान स्रोत से मोबाइल एप डाउनलोड करने और स्क्रीन शेयरिंग एप इंस्टॉल करने से भी बचना चाहिए।
अगर अचानक मोबाइल नेटवर्क बंद हो जाए या सिम काम करना बंद कर दे, तो तुरंत मोबाइल ऑपरेटर और बैंक से संपर्क करें। खाते से किसी भी तरह की संदिग्ध निकासी की जानकारी मिलने पर तत्काल बैंक को सूचित करें।
साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा आधिकारिक वेबसाइट cybercrime.gov.in पर भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है।

