गुमला: राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर बुधवार को गुमला पहुंचीं। यहां उन्होंने दिवंगत निशा भगत के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि निशा भगत की असामयिक मृत्यु बेहद दुखद है। राष्ट्रीय महिला आयोग ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए शासन और प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
विजया रहाटकर ने डीएसपी रोड स्थित निशा भगत के पैतृक आवास पर उनके पिता हन्दू भगत से मुलाकात की और उन्हें सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने परिजनों से घटना और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी ली।
मीडिया से बातचीत में आयोग की अध्यक्ष ने बताया कि परिजनों ने निशा भगत की ओर से धर्मांतरण, डीलिस्टिंग के मुद्दे और जमीन दलालों के खिलाफ आवाज उठाने की जानकारी दी है। परिजनों ने घर में चोरी की घटना, प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद कार्रवाई नहीं होने और निशा को उनके निजी जीवन को लेकर प्रताड़ित किए जाने जैसे गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
निशा के पिता हन्दू भगत ने उनकी मृत्यु को हत्या बताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। हालांकि, इन आरोपों की जांच होना अभी बाकी है।
महिला सुरक्षा को लेकर अधिकारियों के साथ की बैठक
विजया रहाटकर ने कहा कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच होनी चाहिए। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने झारखंड में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर पुलिस प्रशासन के साथ भी चर्चा की।
गुमला प्रवास के दौरान आयोग की अध्यक्ष ने परिसदन में उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी ली गई।
इस दौरान राष्ट्रीय महिला आयोग, दिल्ली के मनमोहन वर्मा और रांची के नामकुम की बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सविता सिंह मौजूद रहीं। इसके अलावा गुमला के बाल विकास परियोजना पदाधिकारी सुरेश यादव, अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक चोपड़ा और थाना प्रभारी दिनेश कुमार भी बैठक में शामिल हुए।

