एक की हालत गंभीर, प्राथमिक उपचार के बाद सभी को एमएमसीएच मेदिनीनगर किया गया रेफर…
बरवाडीह:- बरवाडीह थाना क्षेत्र के कुल्हि नाला के समीप बुधवार को दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना में दोनों बाइकों पर सवार पांच युवक घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इनमें एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।घायलों की पहचान रोशन सिंह (19), पिता महेंद्र सिंह, निवासी रेंजेनिया, सिद्धनाथ सिंह (27), पिता विनोद सिंह, निवासी अमडीहा, वीरेंद्र कुमार (18), पिता प्रदीप सिंह, निवासी ठुठाकुसुम, चंदन कुमार (19), पिता विजय मिस्त्री तथा सरोज कुमार (18), पिता राजेंद्र राम, निवासी पैरा के रूप में हुई है।अस्पताल में चिकित्सा प्रभारी डॉ. अनुपमा एक्का, ड्रेसर राजेश चंद्र उर्फ बबलू एवं कुमुदनी केरकेट्टा की देखरेख में सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। घायलों की स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए पांचों को एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया।

*सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचे प्रशिक्षु डीएसपी*
दुर्घटना की सूचना मिलते ही प्रशिक्षु डीएसपी सह थाना प्रभारी रामलखन वर्णवाल अस्पताल पहुंचे और घायलों के इलाज की जानकारी ली। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है।एक ही सड़क दुर्घटना में पांच युवकों के घायल होने से क्षेत्र में चिंता का माहौल है।


