रांची। कर्मचारी चयन आयोग (SSC) की ओर से 23 नवंबर से 1 दिसंबर 2026 तक विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। इसके मद्देनजर रांची के तीन परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा अवधि के दौरान निषेधाज्ञा लागू की गई है। रांची सदर एसडीएम कुमार रजत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत यह आदेश जारी किया है।
निषेधाज्ञा परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में सुबह 6:30 बजे से रात 9 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास भीड़ जुटाने, अनावश्यक आवाजाही और परीक्षा में बाधा उत्पन्न करने वाली गतिविधियों पर रोक रहेगी।
परीक्षा केंद्रों के आसपास इन गतिविधियों पर रहेगी रोक
प्रशासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार, परीक्षा केंद्रों के आसपास ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल, अस्त्र-शस्त्र लेकर चलने और भीड़ जमा करने पर प्रतिबंध लगाया गया है। इसके अलावा बंदूक, राइफल, रिवॉल्वर, बम, बारूद, लाठी-डंडा, तीर-धनुष, गड़ासा और अन्य हथियार लेकर चलने पर भी रोक रहेगी।
सरकारी कार्य में लगे पदाधिकारियों और कर्मचारियों को छोड़कर अन्य लोगों के अनावश्यक जमावड़े पर रोक लगाई गई है। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी प्रकार की सभा या बैठक आयोजित करने की अनुमति नहीं होगी।
रांची के इन तीन केंद्रों पर होगी परीक्षा
SSC की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, रांची में निम्न परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी:
कैपस्टोन ऑललाइन एग्जामिनेशन सेंटर, आउटर रिंग रोड, नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी के पास, कांके।
आडियल इंटरनेशनल स्कूल, दलादली।
एसडीजी इन्फोटेक-1, रामपुर।
प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए इन केंद्रों के आसपास निषेधाज्ञा लागू की है। परीक्षार्थियों से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचें और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।

