पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को रोकने और धक्का देकर किनारे करने का मामला चर्चा में है। सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद विशेष सुरक्षा दल (SSG) ने इस पर सफाई दी है। SSG ने जांच के बाद घटना को सुरक्षा प्रोटोकॉल के पालन के दौरान हुई मानवीय भूल बताया है।
SSG ने जारी किया आधिकारिक बयान
विशेष सुरक्षा दल, बिहार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात SSG कर्मियों द्वारा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को हटाने की घटना सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रही है। मामले की जांच कराई गई।
जांच में पाया गया कि सुरक्षाकर्मी सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुरूप अपनी ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान मानवीय भूल के कारण यह घटना हुई। SSG ने यह भी स्पष्ट किया कि निशांत कुमार को कुछ महीने पहले तक करीब दो दशकों तक विशेष सुरक्षा दल की ओर से सुरक्षा प्रदान की जाती रही है।
नीतीश सेतु के निरीक्षण के दौरान हुई घटना
यह घटना वैशाली में कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल यानी नीतीश सेतु के निरीक्षण के दौरान हुई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित बिहार दौरे और पुल के उद्घाटन की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे थे। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और अन्य नेता व अधिकारी भी मौजूद थे।
इसी दौरान मुख्यमंत्री के पास पहुंचने की कोशिश कर रहे निशांत कुमार को सुरक्षा घेरे में तैनात एक जवान ने हाथ से रोककर किनारे कर दिया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई।
जेडीयू ने जताई थी नाराजगी
इस घटना पर जेडीयू ने नाराजगी जताई थी। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने इसे दुखद और पीड़ाजनक बताया। उन्होंने कहा कि निशांत कुमार प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए मुख्यमंत्री के साथ पहुंचे थे। ऐसे में पुलिस मुख्यालय को घटना का संज्ञान लेना चाहिए और यह स्पष्ट होना चाहिए कि मंत्री को जानबूझकर रोका गया या यह अनजाने में हुई चूक थी।
वहीं, जेडीयू नेता और मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि सुरक्षाकर्मी निशांत कुमार को पीछे से आने के कारण देख नहीं पाए होंगे। उन्होंने सुरक्षाकर्मी की मंशा पर सवाल उठाने को उचित नहीं बताया।
करीब दो दशक तक SSG ने दी थी सुरक्षा
SSG ने अपने बयान में निशांत कुमार को लंबे समय तक सुरक्षा देने का भी उल्लेख किया है। एजेंसी के मुताबिक, कुछ महीने पहले तक करीब 20 वर्षों तक निशांत कुमार को विशेष सुरक्षा दल की सुरक्षा प्राप्त थी। अब वायरल वीडियो और SSG की सफाई के बाद यह मामला बिहार की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।

