पुंछ: तीन हफ्ते से अधिक समय की शांति के बाद शुक्रवार को पाकिस्तानी सैनिकों ने एक बार फिर नियंत्रण रेखा पर संघषर्विराम का उल्लंघन कर जम्मू कश्मीर में पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों एवं नागरिक इलाकों को निशाना बनाया।
सेना के एक अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने बालाकोट सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया। गोलीबारी सुबह नौ बजे शुरू हुई थी जो दस बजे तक जारी रही। हमारे सैनिकों ने मुंहतोड़ जवाब दिया। तीन हफ्ते की शांति के बाद आज पाकिस्तान ने यह हरकत की। 23 नवम्बर को नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेनिकों की गोलाबारी में सीमा सुरक्षा बल के दो जवान घायल हुए थे। उससे एक दिन पहले उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में तीन भारतीय सैनिक मारे गये थे जिसमें से एक का शव क्षतविक्षत किया गया था।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों के गोले नागरिक इलाकों में गिरे हालांकि कोई हताहत नहीं हुआ है। पाकिस्तानी सेना ने कहा है कि भारतीय जवाबी कार्रवाई में एक नागरिक मारा गया है और चार स्कूली बच्चे घायल हुए हैं।