कोडरमा। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में पहले जो भी मुख्यमंत्री बनता था, सरकार बचाने में लगा रहता था। 2014 में जनता ने स्थिर सरकार देने का काम किया। स्थिर सरकार के कारण राज्य का विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री ने रविवार को कोडरमा के इंदरवा मैदान में आयोजित जन चौपाल में देश और राज्य के विकास के लिए राजनीतिक स्थिरता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्थिर सरकार होगी, तभी राज्य का विकास होगा। देश में भी पिछले 20 साल तक मिली-जुली सरकार थी। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मजबूत और स्थित सरकार सरकार बनी, तो पूरी दुनिया में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है।
विपक्ष पर हमला: सत्ता में आने के लिए जाति और संप्रदायवाद का नारा
सीएम ने विरोधी दलों पर हमला भी बोला और कहा कि चुनाव नजदीक है इस कारण लोग जातिवाद और संप्रदायवाद का नारा भी देंगे और सत्ता में आने के बाद फिर घोटाला करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले चार सालों में किसी को लूटने का मौका नहीं मिला। जो झारखंड पहले लूट और भ्रष्टाचार के लिए पूरे देश और दुनिया में बदनाम था, चार सालों में एक भी आरोप नहीं लगा है। जन चौपाल में शिक्षा मंत्री डॉ नीरा यादव, विधायक जानकी यादव, विधायक मनोज यादव, जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता के अलावा अन्य मौजूद थे।
भ्रष्टाचार से सबसे अधिक नुकसान गरीबों का
मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार से सबसे अधिक नुकसान गरीबों का हुआ है। ऊपरी स्तर से तो भ्रष्टाचार समाप्त हो गया है, लेकिन नीचे के स्तर पर अभी बाकी है। इसे भी खत्म करना है। कहा कि संघर्ष करके यहां तक पहुंचा हूं, सभी चीजें नजदीक से जानता हूं। ब्लॉक से अंचल तक भ्रष्टाचार है पर आइटी एक ऐसा विभाग है, जिससे भ्रष्टाचार खत्म कर सकते हैं। अब आपदा या अन्य मामलों में घर बैठे पैसे का भुगतान हो रहा है। खून पीने की जिनको आदत है, उन्हें इस व्यवस्था से परेशानी हो रही है, वही गड़बड़ी करने में लगा है। अब कोई भी काम आॅफलाइन नहीं होगा। उन्होंने डिजिटल और आइटी का अधिक से अधिक उपयोग करने को कहा।
2020 तक झारखंड में कोई भी बेघर नहीं रहेगा
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है, जहां एक रुपये में 50 लाख तक की संपत्ति की रजिस्ट्री महिलाओं के नाम होती है। राज्य में अब तक एक लाख 10 हजार रजिस्ट्री इस योजना के तहत हुई है। साल 2020 तक झारखंड में कोई भी बेघर नहीं रहेगा।