रांची। झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) में कंट्री क्रिकेट क्लब टेनिस चैंपियनशिप में मंगलवार को टीम इंडिया के विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी भी खेलते नजर आये। धोनी ने प्रतियोगिता के डबल्स मुकाबले में हिस्सा लिया। यह प्रतियोगिता सोमवार को जेएससीए स्टेडियम स्थित टेनिम एकेडमी में शुरू हुई है। प्रतियोगिता का समापन 30 नवंबर को होगा।
स्टेडियम में जुटी भीड़
टूर्नामेंट के दौरान जेएससीए स्टेडियम में मंगलवार का नजारा ही कुछ अलग था। सुबह से ही जेएससीए टेनिस कोर्ट में लोगों की भीड़ जुटने लगी। यहां चल रहे जेएससीए कंट्री क्रिकेट क्लब टेनिस चैंपियनशिप में क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी को डबल्स में अपने जोड़ीदार और झारखंड के नंबर वन रैंकिंग वाले खिलाड़ी सुमित कुमार के साथ कोर्ट में उतरना था। तय समय पर धोनी अाए और टूर्नामेंट भी शुरू हो गया।
दूसरे राउंड में पहुंचे धोनी
महेंद्र सिंह धोनी और सुमित की जोड़ी ने विरोधी टीम ब्रजेश और पवन की एक न चलने दी। धोनी ने सर्विस में प्वाइंट हासिल कर विरोधी को परेशान कर दिया। लगातार 2 सेट जीतकर धोनी और सुमित दूसरे राउंड में पहुंच गए। यह मैच 6-1, 6-1 से धोनी ने अपने जोड़ीदार के साथ जीत लिया।