अर्जुन मुंडा ने दिया अशीष, करेंगे कन्यादान
रांची। पद्मश्री से सम्मानित अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज रांची की लाडली दीपिका कुमारी और अंतर्राष्ट्रीय तीरंदाज अतानु दास की सगाई दीपिका के पैतृक गांव रातू चट्टी में सोमवार को हो गयी। समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और उनकी पत्नी मीरा मुंडा भी मौजूद रहे। बेहद सादगी वाले समारोह में दोनों ने एक-दूसरे को अंगूठी पहनायी। सगाई के पहले पूजा हुई, जिसमें दीपिका और अतानु ने भगवान का आशीर्वाद लिया। सगाई समारोह में दोनों परिवार के नजदीकी लोगों को आमंत्रित किया गया था। पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और मीरा मुंडा ने दोनों को आशीष दिया। साथ ही दोनों के परिजनों के अग्रह पर उन्होंने कहा कि शादी में कन्यादान भी वही करेंगे। अतानु और दीपिका की शादी अगले साल नवंबर में होगी। अतानु मूल रूप से कोलकाता के रहने वाले हैं।
100 लोगों को दिया गया था आमंत्रण
दीपिका की मां गीता देवी ने बताया कि सगाई समारोह बेहद सादगी से संपन्न हुआ। दोनों परिवार के करीब 100 नजदीकी लोगों को ही आमंत्रित किया गया था। सगाई के लिए दीपिका के घर को अंदर और बाहर से फूलों से सजाया गया था। सगाई के लिए सुबह से ही यहां मेहमानों और नजदीकियों का पहुंचना शुरू हो गया था। सगाई से पहले मंत्रोच्चार के बीच दीपिका और अतनु दास ने कुल देवता की पूजा अर्चना की। उसके बाद अंगूठी पहनाने की रस्म अदा की गयी। आयोजन में किसी तरह की कोई कमी ना रहे, इसकी देखरेख खुद दीपिका के पिता ने की। दीपिका के छोटे भाई ने बताया कि बाहर से आये मेहमान के लिए विशेष तरह की खाने-पीने की व्यवस्था की गयी थी।