रांची। सीएम रघुवर दास ने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस और झामुमो वंशवाद और परिवारवाद की उद्योग है। कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राज्य की जनता की उम्मीदों और आशाओं से खिलवाड़ किया है। कांग्रेस ने पिछले 14 साल से झारखंड को अस्थिर किया है। एक गरीब आदिवासी मधु कोड़ा को मुख्यमंत्री बनाकर चार हजार करोड़ का घोटाला किया। अब फिर उसी पर डोरे डाले हुए है। 1993 में झारखंड की तकदीर को झामुमो ने कांग्रेस के हाथों बेच दिया था। वहीं भाजपा की सरकार के चार साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा। वह जामताड़ा के कुंडहित में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2014 में झामुमो ने नारा दिया था कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार आयेगी, तो सबकी जमीन लूट लेगी, लेकिन राज्य की जनता ने देखा कि पिछले चार साल के शासन काल में किसी गरीब की जमीन सरकार या पार्टी ने नहीं ली है। वहीं झामुमो ने आदिवासियों के नाम पर फरेब किया। आदिवासियों को गुमराह कर उनके नाम पर राजनीति कर केवल मत पेटी भरी। सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर आदिवासियों की जमीन खरीदी। पूरे संथाल को भ्रष्टाचार और बिचौलियों के हाथों बेच दिया है।
भाजपा आदिवासी के जीवन मे बदलाव के लिए समर्पित
मुख्यमंत्री ने कहा भाजपा की सरकार जनता और राष्ट्र की सेवा के लिए है। भाजपा के क्षेत्रीय और सामाजिक असंतुलन को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है। श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने भाजपा को राष्ट्रीय स्तर पर विस्तार किया। अटल बिहारी वाजपेयी के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने साकार किया। इसे विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बनाया, अब हमारा फर्ज है कि जनता को कांग्रेस और झामुमो का असली चेहरा दिखायें और उन्हें धोखे बचायें।
इनकी रही उपस्थिति
भाजपा जिलाध्यक्ष सुकुमनी हेंब्रम, प्रवीण प्रभाकर, सुभाष प्रसाद, बाटुल झा, माधव चंद्र महतो, प्रदीप वर्मा, सत्येंद्र सिंह, वीरेंद्र मंडल, तरुण गुप्ता, संजय शर्मा, रमेश हांसदा, कमल गुप्ता समेत अन्य उपस्थित थे।
28 लाख किसानों को मिलेगा मोबाइल फोन
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के किसानों की वजह से कृषि विकास दर में वृद्धि आयी है। उनकी समृद्धि के लिए सरकार कार्य कर रही है। 2019 फरवरी से राज्य के 28 लाख किसानों को मोबाइल फोन दिया जायेगा। साथ ही कृषि और पत्थर खनन को उद्योग का दर्जा मिलेगा।
आदिवासी से शादी कर आदिवासियों की जमीन नहीं खरीद सकेंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदिवासी महिलाओं से शादी कर आदिवासियों की जमीन खरीदने वाले गैर आदिवासी अब ऐसा नहीं कर सकेंगे। कहा कि सत्ता सेवा का माध्यम है। सत्ता सुख भोगने का साधन नहीं। इसी उद्देश्य से भाजपा ने कार्य कर रहा हूं।
दुबई में 16 को रोड शो
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि 15 दिसंबर को यूनाइटेड अरब अमीरात जायेंगे। युवाओं को हुनरमंद बनाने और रोजगार मुहैया कराने के उद्देश्य से यूनाइटेड अरब अमीरात जा रहे हैं। झारखंड के युवा किसी बिचौलिये के जाल में नहीं फंसे, इसलिए रोजगार देने वाली कंपनियों से सीधे बात करने की जरूरत है। कहा कि 16 दिसंबर 2018 को दुबई में रोड शो होगा।