रांची: राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र में मंगलवार को बड़ा तालाब के समीप एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गयी। मृतक की पहचान कर्बला चौक निवासी मोहम्मद सरवर के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने तालाब के पास युवक का शव पड़ा देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गयी। जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। शव मिलने की खबर फैलने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गयी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) भेज दिया। पुलिस का कहना है कि फिलहाल युवक की मौत के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
CCTV फुटेज भी खंगाल रही पुलिस
युवक की मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मोहम्मद सरवर तालाब के पास कब और कैसे पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल जांच जारी है।

