आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड समेत पूरे देश में सोमवार की रात से मंगलवार को दिन भर प्रभु यीशु के जन्म का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। क्रिसमस को लेकर राजधानी में काफी चहल-पहल दिखी। राजधानी के सेंट मेरी चर्च में इसाई समुदाय के लोग जुटे और प्रभु यीशु मसीह का संदेश प्राप्त किया। इसको लेकर फादर रोशन तीरू ने बताया कि यीशु के जन्म को लेकर क्रिसमस का त्योहार पूरे विश्व में मनाया जाता है। मुक्तिदाता प्रभु का जन्म उत्सव और उनके शांति के संदेश सिर्फ गिरजाघरों में ही नहीं बल्कि पूरे संसार में दिये जाते हैं।
यीशु समाज के प्रोविंशियल मैरिएनस कुजूर ने सेंट मैरी चर्च में लोगों को कहा कि जहां घृणा है, वहां प्रेम लायें, जहां निराशा है, वहां आशा लायें, जहां अशांति है, वहां शांति लायें, क्योंकि संसार में मौजूद सभी मनुष्य के भीतर ईश्वर है और उस रूप को समझें। देश और समाज को आगे बढ़ायें।
इधर, मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी समस्त राज्यवासियों को इसकी शुभकामनाएं दी। कहा कि यह त्योहार प्रेम का संदेश देता है। प्रभु यीशु प्रेम का संदेश देते थे। झारखंड वासियों का कर्तव्य है कि इस पावन त्योहार के मौके पर आपसी भाईचारा बढ़ा कर इस देश और राज्य को और भी सुंदर बनायें।
कार्डिनल और बिशप से मिले सुबोधकांत और हेमंत, क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं
रांची। पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबोधकांत सहाय ने मंगलवार को बिशप हाउस में कार्डिनल तेलेस्फोर पी टोप्पो और आर्च बिशप फेलिक्स टोप्पो से मुलाकात की और उन्हें क्रिसमस की शुभकामनाएं दीं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यीशु के संदेशों को आत्मसात करना चाहिए। कार्डिनल ने इस मौके पर कहा कि पूरी दुनिया में शांति कायम हो, इसके लिए प्रभु यीशु के संदेशों पर चलना होगा। इस मौके पर कांग्रेस नेता राजेश गुप्ता छोटू, राजेश सिन्हा सन्नी, दीपक प्रसाद, रोहित एवं जॉन भी मौजूद थे। इधर, शाम को नेता प्रतिपक्ष हेमंत सोरेन ने भी कार्डिनल और आर्चबिशप से मिलकर क्रिसमस की बधाई दी।