चतरा। वशिष्ठनगर जोरी थाना क्षेत्र के कुरखेता जंगल से नक्सली अजय यादव को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार नक्सली के पास से पुलिस ने इंग्लैंड निर्मित 0.30 स्प्रिंग फील्ड रेग्युलर राइफल, 41 जिंदा कारतूस, एम्युनेशन पाउच एवं नक्सलियों के दैनिक उपयोग के सामान बरामद किया है। इस संबंध में चतरा एसपी अखिलेश वी वारियर ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी।
चतरा एसपी ने बताया कि गिरफ्तार नक्सली सांसद प्रतिनिधि संजय यादव का भाई और नक्सली आलोक दस्ता का सदस्य है। उन्होंने बताया कि पिछले सप्ताह कुरखेता एवं कोराम्बे के जंगल में हुए मुठभेड़ के बाद चलाये जा रहे सर्च अभियान के दौरान पुलिस और सीआरपीएफ 190 की बटालियन ने अजय यादव को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार नक्सली ने कई नक्सली घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है। उन्होंने बतााय कि नक्सली के पास से विदेशी राइफल का मिलना जांच का विषय है। इसे गंभीरता से लिया जा रहा है।
चार जनवरी को हुई थी मुठभेड़
जिले के वशिष्टनगर थाना क्षेत्र के कुरखेता जंगल में चार जनवरी को पुलिस एवं माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी। इसमें माओवादियों का एरिया कमांडर मारा गया था। मारे गये एरिया कमांडर की पहचान चंदर सिंह भोक्ता के रूप में हुई थी। वह मूल रूप से बिहार के बाराचट्टी गांव के जैगीर गांव का रहने वाला था। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद घटनास्थल से एक इंसास रायफल, 40 राउंड जिंदा कारतूस, नक्सली साहित्य व खाने-पीने का समान बरामद किया था।