गिरिडीह। झाविमो जिला कार्यसमिति की बैठक जिलाध्यक्ष महेश राम की अध्यक्षता में गिरिडीह कॉलेज के समीप शंकरचक में हुई। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में झाविमो के केंद्रीय अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी मौजूद थे। उन्होंने कहा कि झाविमो के नेता एवं कार्यकर्ता आपसी तालमेल बनाकर काम करें। भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि इस सरकार से देश और राज्य की जनता त्रस्त हो चुकी है। कहा कि लोकपाल बिल पर भाजपा हल्ला मचाती थी, अब इस मामले में चुप्पी साधे हुए है। कहा कि भाजपा ने लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया है। मरांडी ने फरवरी में सभी प्रखंडों में बूथ सम्मेलन आयोजित करने और संगठन को और मजबूत करने का निर्देश दिया। कहा कि चुनाव के समय भाजपा समाज को बांटने का काम करेगी। इसलिए कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को संयम से काम लेना होगा।
केंद्रीय उपाध्यक्ष डॉ सबा अहमद ने कहा कि भाजपा के शासन काल में गरीब, दलित, अल्पसंख्यक, किसान, नौजवान सभी का शोषण किया जा रहा है। लोगों को एकजुट होकर भाजपा को उखाड़ फेंकना होगा। केंद्रीय उपाध्यक्ष लक्ष्मण स्वर्णकार ने कहा कि लोकतंत्र को बचाने के लिए भाजपा को विदा करना बहुत जरूरी है। सरकार के रवैये से झारखंड के अनुबंध कर्मी नाराज हैं और त्राहिमाम कर रहे हैं। केंद्रीय महासचिव रमेश कुमार राही ने कहा कि 2019 के चुनाव में झाविमो अवश्य सफलता हासिल करेगी। केंद्रीय सचिव सुरेश प्रसाद साव ने कहा कि आम जनता भी चाह रही है कि भाजपा का सफाया हो। चुनाव में इसका खामियाजा भाजपा को भुगतना होगा।
मौके पर गुरुसहाय महतो, रजनी कौर, सत्य नारायण दास, चुन्नूकांत, अजय रंजन, शोभा यादव, राजेश जायसवाल, अमरजीत निराला, मीरा तिवारी, शत्रुघ्न मंडल, खलील रैन, दिलीप वर्मा, खुर्शीद आलम, नुनूलाल मरांडी, टेको रविदास, एजाज अहमद सोनू, राजेंद्र प्रसाद, महेंद्र वर्मा, नवीन सिन्हा, दीपक भारती, सुमन सिन्हा, रंजीत किस्कू, मनोज मौर्या, देवनारायण यादव, सुकेज हेंब्रम, सुरेश मंडल, नारायण पांडेय, किरण वर्मा, सुनीता सिंह समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।