रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने मंगलवार को भाजपा मुख्यालय में कहा कि अबकी बार फिर से मोदी की सरकार बनेगी। 400 से अधिक सीटों पर एनडीए जीत हासिल करेगा। यह जनादेश देश की जनता देगी। मीडिया से बातचीत में कहा कि राम मंदिर भाजपा ही बनवायेगी। पश्चिम बंगाल में भी भाजपा की ही सरकार बनेगी। रघुवर दास भाजपा मुख्यालय में मन की बात कार्यक्रम सुनने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। मौके पर उन्होंने सरकार की 130 विकास योजनाओं का पांच प्रचार रथ रवाना किया।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और झामुमो पर जमकर निशाना साधा। कहा कि झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की राजनीतिक हत्या कांग्रेस ने की। आज कांग्रेस, झामुमो को साथ लेकर चलने की बात कर रही है। झारखंड मुक्ति मोर्चा को हम यह याद दिलाना चाहते हैं कि कांग्रेस ने ही गुरुजी की राजनीति हत्या की। किस तरह मधु कोड़ा को हटाकर शिबू सोरेन को मुख्यमंत्री बनाया गया। उन्हें ऐसी जगह से चुनाव लड़ाया गया, जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा का कोई जनाधार था ही नहीं।
सीएम ने दावा किया कि राज्य में सभी लोकसभा सीटें भाजपा-एनडीए के खाते में आयेंगी। आजसू एनडीए का ही हिस्सा है। वह अलग नहीं है। भाजपा देश और राज्य के बीच संबंध बनाने की दिशा में काम कर रही है। वहीं महागठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि देश में 55 सालों से ज्यादा समय कांग्रेस की सरकार रही। यूपीए सरकार के समय भ्रष्टाचार, गोलमाल और लूट तंत्र का पूरी तरह बोलबाला रहा। गठबंधन की सरकार के खिलाफ देश की जनता ने स्पष्ट जनादेश दिया। देश ने अपना चौकीदार चुना। विपक्षी दल गठबंधन कर चौकीदार को हटाना चाह रहे हैं।
विपक्षी नेताओं ने लूटा गरीबों का हिस्सा
सीएम ने कहा कि गठबंधन की सरकार ने देश को लूटा है। देश को लूटने वाले मायावती, अखिलेश, लालू प्रसाद और ममता बनर्जी की सरकार देश और राज्य में रही। देश के खजाने से गरीबों का हिस्सा लूटने का काम किया। भ्रष्टाचारी लोग मिलकर लोकतंत्र की आड़ में खुद को बचाने में लगे हैं। कहा कि विपक्षी गठबंधन से किसी तरह की चुनौती नहीं है। कांग्रेस सिमटती जा रही है।