Mumbai: सलमान खान अपनी फिल्म ‘भारत’ के बाद से सोशल मीडिया पर काफी ऐक्टिव नजर आ रहे हैं। सलमान खान आए दिन अपने से जुड़े विडियो फैंस के लिए सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। सलमान खान ने अपने भतीजे के जन्मदिन पर स्लो मोशन में एक विडियो शेयर किया था। इस विडियो में योहान एक बीनबैग में बैठा है, दूसरी छोर पर पिता सोहेल खान बीनबैग पर कूदते हैं, जिससे वह हवा में उछलता है, तभी सलमान खान अपने भतीजे को पकड़ लेते हैं।
वहीं, मंगलवार को सलमान खान ने अपने पिता सलीम खान के साथ गाना गाते हुए विडियो शेयर किया है। इस विडियो में गायक कमाल खान, सलीम और सलमान साल 1949 में आई फिल्म ‘दुलारी’ से मोहम्मद रफी के गाने ‘सुहानी रात ढल चुकी’ गाते नजर आ रहे हैं।
अब बुधवार को सलमान खान ने एक विडियो शेयर किया है, जिसमें वह बांद्रा की सड़कों पर साइकल चलाते नजर आ रहे हैं। विडियो में देखा जा सकता है कि सलमान खान गैलेक्सी अपार्टमेंट से साइकल चलाना शुरू करते हैं और महबूब स्टूडियो पर जाकर रुकते हैं। सलमान खान ने साइकल से 5 मील की दूरी तय की। सलमान खान का यह विडियो टाइम लैप्स मोड में शूट किया गया है।