अजय शर्मा
रांची। कोयलांचल में वर्चस्व के लिए सुशील श्रीवास्तव गिरोह और पांडेय गिरोह आमने-सामने है। रामगढ़ पुलिस की सूचना में अगर दम है, तो जेजेएमपी के जोनल कमांडर प्रभात, शिव, गुरु सुशील श्रीवास्तव गुट से जुड़े हैं। जेजेएमपी नक्सली संगठन है। इसके सदस्य कई पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं। भोला पांडेय और सुशील श्रीवास्तव के बीच कई बड़े गैंगवार हुए, जिससे कोयलांचल की धरती लाल होती रही है। ये दोनों तो मारे गये, लेकिन इनके गुर्गे पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं। रामगढ़ के एसपी प्रभात कुमार और डीएसपी राधा प्रेम किशोर ने इस बार दोनों गिरोह के सभी अपराधियों पर कार्रवाई का बीड़ा उठाया है। रामगढ़ पुलिस ने दोनों अपराधी गिरोह से जुड़े लोगों की सूची तैयार की है। उस पर कार्रवाई के निर्देश दिये हैं। दोनों गिरोह अपने-अपने तरीके से कोयलांचल में पकड़ बनाने के अलावा रंगदारी वसूलने में जुटे हैं। दोनों गिरोह के बीच जो भी सामने आता है, उसका काम तमाम कर दिया जाता है। दोनों ओर से दस लोग गैंगवार में मारे जा चुके हैं। सुशील गिरोह को उसका बेटा अमन श्रीवास्तव और भोला गिरोह को विकास तिवारी चलाता है।
दिनदहाड़े कोर्ट में हत्या कर दी गयी थी सुशील श्रीवास्तव की : हजारीबाग कोर्ट में पुलिस सुरक्षा में सुशील श्रीवास्तव की हत्या गोली मार कर कर दी गयी थी। इस हत्याकांड को अंजाम देने का आरोप पांडेय गिरोह के विकास तिवारी पर लगा था। विकास को लगता था कि जमशेदपुर में किशोर पांडेय की हत्या में श्रीवास्तव गिरोह का हाथ है। बदला लेने की गरज से उसने कोर्ट परिसर में सुशील को ढेर कर दिया था। भोला को दुमका से रांची लाने के क्रम में रास्ते में ही अपराधियों ने मार डाला था। दोनों के बीच कई और भी बड़े गैंगवार हुए हैं।
जब रांची में तीन लोगों को मार दिया था पांडेय ने
जब रांची के एसएसपी एमएस भाटिया थे, तो पंडरा इलाके में तीन लोगों की हत्या भोला पांडेय ने कर दी थी। इसके पहले उसने पतरातू में एक इंजीनियर के मुंह में रिवाल्वर सटाकर रंगदारी वसूलने की कोशिश की थी। उस समय के पतरातू थाना प्रभारी ने उसे पहली बार गिरफ्तार किया था।
पांडेय गिरोह में जो सक्रिय हैं
पांडेय गिरोह में विकास तिवारी, अशोक पांडेय, बबलू ठाकुर, ओमप्रकाश पांडेय, रामकुमार पांडेय, गुलशन सिंह, मो नरूद्दीन उर्फ चरका, विकास साव, चंदन साव, विक्की सिंह, छोटू पासवान, प्रदीप पासवान, राजू सिंह, नीतेश पासवान, अमरेंद्र कुमार, रॉकी सिंह, अमरेंद्र राम, दिलीप पासवान, समेंद्र साव, प्रकाश यादव आदि शामिल हैं।
फिरोज लश्कर को खोज रही है पुलिस
सुशील श्रीवास्तव गिरोह में पश्चिम बंगाल का फिरोज लश्कर भी शामिल है। मूल रूप से उत्तर मकान तल्ला, घुटयाशरीफ का रहनेवाला है। इस गिरोह में पश्चिम बंगाल का गौतम मंडल, मैदूल, गया का खुट्टर मांझी भी शामिल है। इन सबों को पु्लिस ने टॉप सूची में रखा है।
पांडेय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी
भोला पांडेय गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी पुलिस ने की है। जो सूची तैयार की गयी है, अगर उसके सभी अपराधी पकड़े गये, तो कोयलांचल में शांति बहाल हो सकती है। पांडेय गिरोह में अभी 30 से अधिक अपराधी सीधे तौर पर जुड़े हैं। रामगढ़ के नये एसपी इन दोनों अपराधी गिरोहों पर कार्रवाई के लिए कटिबद्ध हैं।