बहरागोड़ा। सीएम रघुवर दास ने कहा कि गांधी परिवार भारत को और सोरेन परिवार झारखंड को अपनी जागीर समझता है। गरीब आदिवासियों के नाम पर जेएमएम ने राजीनीति की, जबकि उनके विकास के प्रति अपनी गंभीरता नहीं दिखाई। चुनाव आते ही ये पार्टी आदिवासियों को बरगलाती है कि मोदी-भाजपा की सरकार आयेगी, तो आपकी जमीन छीन लेगी। लेकिन 2014 से अब तक मोदी सरकार ने किसी की जमीन नहीं छीनी, बल्कि सोरेन परिवार ने पूरे राज्य में घूम-घूम कर कानून का उल्लंघन कर, आदिवासियों को बरगला कर उनकी जमीन छीनी और जमींदार बन गये। उन्होंने कहा कि हम पंडित रघुनाथ मुर्मू के सपनों का कोल्हान बनाने, यहां की संस्कृति को सहेजने और संथाल समाज के सतत विकास का माध्यम बनने का प्रयास कर रहे हैं। मुख्यमंत्री जोहार जन आशीर्वाद यात्रा को संबोधित कर रहे थे। दूसरे चरण की यात्रा की शुरुआत बहरागोड़ा में आयोजित जनसभा से की गयी।
सीएम ने कहा कि हमने संथाल समाज की ओलचिकी लिपि में बच्चों की पांचवीं तक की पढ़ाई सुनिश्चित की, परंपरागत ग्राम प्रधानों को सम्मान राशि दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस जेएमएम ने संथाल समाज के नाम पर राजनीति कर उनकी दशा खराब कर दी, वही अब भाजपा पर आदिवासियों की जमीन छीन लेने का आरोप लगा रहा है। झामुमो की हकीकत झारखंड की जनता जान चुकी है और अब उसे सबक सिखाने की बारी आ गयी है।
निर्दलीय को सीएम बना घोटाला किया
सीएम रघुवर दास ने कहा कि यही कांग्रेस और जेएमएम ने झारखंड में एक निर्दलीय को मुख्यमंत्री बनाकर 4 हजार करोड़ रुपये का घोटाला किया। 2014 से पूर्व झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर था। लेकिन 2014 के बाद से अब तक वर्तमान सरकार पर भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं लगा है।
पूर्वी सिंहभूम में इस सरकार ने बनायी है 2500 किमी सड़क
सीएम रघुवर दास ने कहा कि 2014 से अब तक पूर्वी सिंहभूम में 2500 किमी सड़क और 31 पुल का निर्माण कर आवागमन को सुगम बनाने का प्रयास हुआ है। गालूडीह सड़क का निर्माण भी जल्द शुरू होगा। धालभूमगढ़ में द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान बनाये गये एयरपोर्ट का निर्माण कार्य एक माह में प्रारंभ होगा। एयरपोर्ट का निर्माण होने से क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार का सृजन होगा। बहरागोड़ा-खड़गपुर-कोलकाता सड़क का कार्य योजना में है।
किसानों की आय करनी है दोगुनी
सीएम रघुवर दास ने कहा कि पूर्व की सरकार ने किसानों को कर्जदार बनाकर रख दिया, किसानों को आत्महत्या के लिए विवश कर दिया। 2014 के बाद बनी मोदी सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना उसकी एक कड़ी है, ताकि किसानों को कृषि कार्य के लिए आर्थिक मदद पहुंचायी जा सके। राज्य सरकार ने भी मुख्यमंत्री किसान आशीर्वाद योजना का शुरू की है। इन दोनों योजनाओं से राज्य के 35 लाख किसानों को न्यूनतम 11 और अधिकतम 31 हजार रुपये मिलेंगे। मुख्यमंत्री किसान आशीर्वाद योजना की पहली किस्त किसानों को मिली है अन्य 12 लाख किसानों को प्रथम किस्त मिलेगी। साथ ही दीवाली से पूर्व किसानों को योजना की दूसरी किस्त भी प्राप्त होगी। अक्टूबर में 100 किसानों को इजरायल भेजने की योजना है। इनमें 50 महिला और 50 पुरुष किसान होंगे। सीएम अगले चार दिन तक कोल्हान के विभिन्न इलाकों की यात्रा करेंगे और आम सभाओं को संबोधित करेंगे।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

