नई दिल्ली। महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसी ने पिछले कुछ दिनों में छह राज्यों में 33 ठिकानों पर छापेमारी की है। यह कार्रवाई ऐप के प्रमुख प्रमोटर और मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर से पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर की गई है। छापेमारी के दौरान कई स्थानों पर चल रहे लाइव बेटिंग और जुए के पैनल का खुलासा हुआ, जिन्हें बंद करा दिया गया है।
CBI अधिकारियों के मुताबिक, जांच के दौरान मोबाइल फोन, डिजिटल डिवाइस और कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए हैं। शुरुआती जांच में इन दस्तावेजों से सट्टेबाजी की रकम के लेनदेन में म्यूल बैंक खातों और हवाला नेटवर्क के इस्तेमाल के संकेत मिले हैं।
13 शहरों में हुई छापेमारी
CBI की टीमों ने छह राज्यों में अमृतसर, दिल्ली, नागौर, धौलपुर, भोपाल, रायपुर, दुर्ग, इंदौर, अहमदाबाद, वडोदरा, सूरत, मुंबई और नागपुर में छापेमारी की। इन ठिकानों का संबंध महादेव सट्टा प्लेटफॉर्म के पैनल ऑपरेटरों से बताया गया है।
जांच एजेंसी के अनुसार, कई जगहों पर ऑनलाइन बेटिंग और जुए के पैनल सक्रिय मिले। इन पैनलों के माध्यम से ग्राहकों को सट्टेबाजी के लिए आईडी उपलब्ध कराई जा रही थी। कार्रवाई के दौरान ऐसे पैनलों को ध्वस्त कर दिया गया।
ओमान से प्रत्यर्पण के बाद गिरफ्तार हुआ था सौरभ चंद्राकर
महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप के प्रमुख प्रमोटरों में शामिल सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद CBI ने 1 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया था। रायपुर की विशेष CBI अदालत ने पूछताछ के लिए एजेंसी को आठ दिनों की पुलिस हिरासत दी थी।
पूछताछ के दौरान चंद्राकर से ऐप के संचालन, देशभर में फैले पैनल ऑपरेटरों के नेटवर्क और सट्टेबाजी से जुड़े वित्तीय लेनदेन के संबंध में जानकारी हासिल की गई। जांचकर्ताओं ने उसके सामने जांच के दौरान जुटाए गए दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य भी रखे थे।
विदेश से चलता था नेटवर्क, हवाला के जरिए भेजा जाता था पैसा
CBI की अब तक की जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक प्लेटफॉर्म का संचालन विदेश स्थित मुख्य कार्यालय से किया जाता था। भारत में इसका नेटवर्क पैनल ऑपरेटरों के माध्यम से चलाया जा रहा था।
ये ऑपरेटर ग्राहकों की आईडी संभालने के साथ सट्टेबाजी की रकम ऐसे बैंक खातों में जमा कराते थे, जिन्हें दूसरे लोगों के नाम पर खोला जाता था या किराये पर लिया जाता था। इसके बाद मुनाफे की रकम हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजे जाने की बात जांच में सामने आई है।
जांच एजेंसी अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों, विदेश में बैठे संचालकों, सहयोगियों और कथित तौर पर शामिल सरकारी कर्मचारियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है। फरार आरोपियों को भारत लाने के लिए प्रत्यर्पण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।
सौरभ चंद्राकर को ED ने भी किया गिरफ्तार
इस मामले में 13 नवंबर 2026 को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने भी सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के बाद रायपुर की विशेष अदालत ने उसे सात दिनों की ED हिरासत में भेज दिया। अब CBI और ED दोनों इस मामले से जुड़े वित्तीय लेनदेन और पूरे नेटवर्क की जांच कर रही हैं।

