झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने किया झारखंड में अगली सरकार बनाने का दावा
रांची। झारखंड में अगली सरकार झाविमो की बनती है, तो राज्य के दसवीं पास हर विद्यार्थी को लैपटॉप दिया जायेगा। राज्य में हर साल दसवीं पास करनेवाले स्टूडेंट्स की संख्या पांच लाख के आसपास होती है। इन्हें फ्री लैपटॉप दिया जायेगा। इसमें कंपीटिटिव एग्जाम की सामग्री डाली हुई रहेगी, ताकि जहां इंटरनेट नहीं है, वहां भी बच्चे इसका लाभ ले सकें। सोमवार को झाविमो के डिबडीह स्थित केंद्रीय कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में ये बातें झाविमो सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी ने कहीं। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार ने हाथी उड़ाने में जितनी राशि खर्च की है, उससे कम में ही वह इस योजना को अंजाम तक पहुंचा देंगे। प्रेसवार्ता में उन्होंने झारखंड में अगली सरकार झाविमो की बनने का दावा किया। कहा कि धुर्वा के प्रभात तारा मैदान में वह शपथ लेंगे। पत्रकारों के सवालों के जवाब में श्री मरांडी ने कहा कि उनका झारखंड से भाजपा को भगाने का कोई इरादा नहीं है और जनता खुद भाजपा को झारखंड से भगा देगी। उन्होंने कहा कि जो स्टूडेंट फ्री लैपटॉप योजना का लाभ उठाना चाहते हैं, वे मोबाइल नंबर 9773681682 पर कॉल कर सकते हैं। ऐसा करते ही वह रजिस्टर्ड हो जायेंगे।
मुख्यमंत्री था तो गांव के लोगों को शिक्षक बनवाया
बाबूलाल ने कहा कि झारखंड बनने के बाद जब वह मुख्यमंत्री बने, तो गांव के लोगों को शिक्षक बनवाया। राज्य में झाविमो की सरकार बनते ही टेट पास पारा शिक्षकों को स्थायी कर दिया जायेगा। श्री मरांडी ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बद से बदतर होती चली जा रही है और सरकार हाथी उड़ाने में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि शिक्षित झारखंड हमारा संकल्प है और निजी क्षेत्र के स्कूलों में 25 फीसदी सीटों पर गरीब के बच्चों का नामांकन सुनिश्चित हो, इसकी व्यवस्था झारखंड में उनकी सरकार आने पर की जायेगी। वहीं तकनीकी शिक्षा जिसमें इंजीनियरिंग, डिप्लोमा और बीएड की पढ़ाई शामिल है, का पूरा खर्च सरकार उठायेगी। उन्होंने कहा कि बच्चियों के लिए तकनीकी शिक्षा की व्यवस्था बिना किसी भेदभाव के सुनिश्चित हो, इसकी व्यवस्था सरकार बनने पर उनकी पार्टी करेगी।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

