रायपुर: झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने रायपुर में रविवार को कांग्रेसियों पर जमकर निशाना साधा। रघुवर ने कहा कि गांधी जी के नाम को बेचने का काम ही कांग्रेस ने किया है। उन्होंने सवाल पूछा कि गांधीजी सिर्फ कांग्रेस के हैं या पूरे देश के हैं। कांग्रेस एवं गांधी परिवार ने सिर्फ गांधीजी की ब्रांडिंग की है। उनके नाम को बेच कर राजनीति की है। वहीं, खादी के साथ पीएम नरेंद्र मोदी के जुड़े विवाद पर रघुवर दास ने कहा कि विपक्षी बेकार की बात कर रहे हैं। नोटबंदी के साइड इफेक्ट से इनकार करते हुए रघुवर दास ने कहा कि झारखंड में नोटबंदी का कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ा है।
मुख्यमंत्री रघुवर ने कहा कि दोनों राज्य मिलकर नक्सलवाद और उग्रवाद को पूरी तरह से खत्म कर लेंगे।
निगरानी तंत्र मजबूत करेंगे दोनों राज्य : छत्तीसगढ़ और झारखंड नक्सलवाद पर लगाम लगाने के लिए को-आॅर्डिनेशन के साथ-साथ निगरानी तंत्र को मजबूत करेंगे। एक कार्यक्रम के सिलसिले में रायपुर पहुंचे झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह के साथ बैठक में इस बात की रजामंदी दी। दोनों मुख्यमंत्रियों ने नक्सलवाद-उग्रवाद के नियंत्रण के लिए दोनों राज्यों के सीमावर्ती इलाकों में निगरानी तंत्र को और भी अधिक मजबूत बनाने पर सहमति दी। मुख्यमंत्री रमन सिंह ने चर्चा के दौरान कहा कि छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा काफी लंबी है।
यहां दोनों राज्यों की फोर्स के मध्य बेहतर समन्वय से निगरानी तंत्र को और भी अधिक मजबूत बनाने में सहायता मिलेगी। डॉ सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ के सरगुजा क्षेत्र में नक्सली गतिविधियों को नियंत्रण में कर लिया गया है। बस्तर में भी नक्सली गतिविधियां काफी कम हो गयी हंै। दोनों राज्यों की सीमा के संवेदनशील इलाकों पर फोर्स की तैनाती, दोनों राज्यों के बीच सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान और सघन तलाशी अभियान जैसे उपायों से नक्सली घुसपैठ को रोकने में मदद मिलेगी।
उग्रवाद के सफाये के संकल्प को दोहराया : झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी नक्सलवाद-उग्रवाद पर अंकुश लगाने का संकल्प दोहराया। कहा, झारखंड पुलिस और सशस्त्र बल छत्तीसगढ़ की पुलिस फोर्स के साथ बेहतर समन्वय के साथ काम करेंगे।
एयर कनेक्टिविटी बढ़ाने पर चर्चा : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर और झारखंड की राजधानी रांची के मध्य बेहतर एयर कनेक्टिविटी के संबंध में भी चर्चा की। इस पर विचार-विमर्श किया।
साहू समाज की महाआरती में की शिरकत : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने साहू समाज की कर्मा की महाआरती में शिरकत की। समाज का इसे अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बताया गया। दो मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी में करीब एक लाख सामाजिक लोग जुटे। इस मौके पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन और सामाजिक दर्पण पत्रिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम स्टेट हाई स्कूल मैदान में हुआ।