-दैनिक अखबार के पत्रकार तस्लीम खान के सिर और सीने में लगी चोट, सभी घायलों को मेदिनीनगर किया गया रेफर
बरवाडीह:- चपरी-देवरी नदी के समीप दो मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया।
घायलों में छेचा निवासी दैनिक अखबार के पत्रकार तस्लीम खान भी शामिल हैं। उनके सिर और सीने में चोट लगी है। इसके अलावा छेचा निवासी वारिस खान तथा नावा-छतरपुर निवासी मेराज खान और रिजवान खान गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि सभी लोग छेचा निवासी मंजर खान के घर मेहमान बनकर आ रहे थे, तभी चपरी-देवरी नदी के समीप यह हादसा हो गया। घटना के बाद घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। उपचार में डॉ. अमित कुमार के साथ ड्रेसर दानिश अंसारी और निशा कुमारी की भूमिका रही। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर रेफर कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही उमड़ी भीड़
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह उर्फ पिंटू समेत कई पत्रकार और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घायलों की स्थिति को लेकर लोगों में चिंता देखी गई। हादसे के बाद क्षेत्र में दुर्घटना को लेकर चर्चा तेज हो गई। फिलहाल सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए मेदिनीनगर भेजे जाने की जानकारी है।

