कर्नाटक सरकार ने गुरुवार सुबह कोरोना वायरस के खिलाफ निवारक उपाय के रूप में मास्क पहनने के महत्व के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए विधानसौधा से कब्बन पार्क तक वॉकाथन का आयोजन कर मॉस्क-डे मनाया गया।
मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने वॉकाथन में भाग लेने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि आज यह मॉस्क-डे सभी जिला मुख्यालयों में मनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधान सौधा से कब्बन पार्क तक पैदल यात्रा का आयोजन कोरोना वायरस के खिलाफ निवारक उपाय के रूप में मास्क पहनने के महत्व के बारे में जागरुकता पैदा करने के लिए किया गया।
येदियुरप्पा ने कहा कि जो लोग सामाजिक दूरी को नहीं बनाये रखेंगे उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थानों पर मास्क नहीं पहनने वालों पर 200 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। इस अवसर पर मंत्री सुरेश कुमार, डॉ अश्वथ नारायण, डॉ सुधाकर, सीटी रवि, क्रिकेटर अनिल कुंबले और फिल्म अभिनेत्री रागिनी द्विवेदी आदि ने भी वॉकाथन में हिस्सा लिया।