
कोडरमा। कोडरमा थाना क्षेत्र के तारा घाटी के समीप शनिवार को अहले सुबह कोलकाता से बिहार जा रही ताज बंगला बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। सौभाग्य से हादसे में बस पर सवार यात्री बच गये। जानकारी के अनुसार बस संख्या बीआर 27पी 0795 कोडरमा घाटी में असंतुलित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गयी। सूचना के बाद कोडरमा थाना प्रभारी द्वारिका राम पुलिस जवान के साथ मौके पर पहुंचे और क्रेन वाहन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को सीधा करवाया। बस दुर्घटनाग्रस्त होने से रजौली, बिहार निवासी प्रहलाद साव की पुत्री 24 वर्षीय खुशबू कुमारी घायल हो गयी। जबकि अन्य सभी यात्री सुरक्षित हैं। कोडरमा घाटी में बस चालक गड्ढे से बस को बचाने के दौरान संतुलन खो बैठा और बस पलट गयी। बस पर करीब 40 यात्री सवार थे, जो कोलकाता से बिहार जा रहे थे। घायलों को कोडरमा सदर अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों द्वारा इलाज चल रहा है।

