रांची। शहीद सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्या की जांच सीबीआइ से कराने के प्रस्ताव पर शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपनी सहमति दी है। रामेश्वर मुर्मू की हत्या 12 जून 2020 को हुई थी। उनकी हत्या की जांच सीबीआइ से कराने के लिए विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक संगठनों की ओर से मांग की जा रही थी। इस संबंध में पुलिस महानिदेशक ने घटना की सीबीआइ जांच के लिए मुख्यमंत्री के पास प्रस्ताव भेजा था।
बता दें कि इस संबंध में साहेबगंज जिला के बरहेट थाना कांड में 17 जून को संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। विगत 12 जून को साहेबगंज जिला के भवानडीह में रामेश्वर मुर्मू की हत्या कर दी गयी थी।
वहीं हत्यारोपी ने थाना में सरेंडर भी कर दिया था। 16 जून को मृतक की पत्नी कपरो किस्कू ने बरहेट थाना में आवेदन देकर गांव के ही सद्दाम अंसारी पर हत्या का मामला दर्ज कराया था। उनका कहना था कि सद्दाम एक आदिवासी युवती पर कमेंट करता था। रामेश्वर ने इसका विरोध किया। दोनों में हाथापाई भी हुई। दोपहर को सद्दाम ने जान से मारने की धमकी दी और रात को रामेश्वर मुर्मू की मौत हो गयी। इस मामले में 30 जून को राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने पुलिस महानिदेशक एमवी राव को राजभवन तलब कर उनसे शहीद सिदो-कान्हू के वंशज रामेश्वर मुर्मू की हत्या की जानकारी ली थी। राज्यपाल ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस प्रकरण में सभी दोषी व्यक्तियों को जल्द पकड़कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाये।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

