रांची : प्रवर्तन निदेशालय (इडी) ने पोंजी योजना घोटाले (चिटफंड घोटाला) के एक आरोपित हेमंत कुमार सिन्हा को बंगाल के हावड़ा स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित हेमंत कुमार सिन्हा को प्रवर्तन निदेशालय की टीम ने शनिवार को इडी कोर्ट में प्रस्तुत किया था, जहां से हेमंत को 29 जून तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूरा मामला रांची के अरगोड़ा थाना क्षेत्र में संचालित एमएसएस आयुर्वेदिक हेल्थ केयर एंड ट्रस्ट से संबंधित है। यह केस आपसी मिलीभगत से आम लोगों से जालसाजी का है। रांची पुलिस की प्राथमिकी और चार्जशीट के आधार पर इडी ने इस केस को टेकओवर किया था। इडी ने 31 मार्च 2020 को एमएसएस आयुर्वेदिक हेल्थ केयर एंड ट्रस्ट व अन्य के खिलाफ मनी लांड्रिंग एक्ट में इडी कोर्ट में अभियोजन शिकायत दायर किया था। इडी ने अनुसंधान के बाद इस केस में हेमंत कुमार सिन्हा सहित पांच आरोपितों के खिलाफ मनी लांड्रिंग एक्ट में अभियोजन शिकायत दायर किया था। इडी कोर्ट के बार-बार नोटिस देने के बावजूद आरोपित हेमंत कुमार सिन्हा कोर्ट में उपस्थित नहीं हो रहे थे। इडी की टीम ने आरोपित हेमंत कुमार सिन्हा को बंगाल के हावड़ा स्थित आवास से गिरफ्तार किया और रांची लेकर आयी। उन्हें इडी कोर्ट में उपस्थित करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा गया। अरगोड़ा थाना क्षेत्र में संचालित एमएसएस आयुर्वेदिक हेल्थ केयर एंड ट्रस्ट नामक संस्था ने आम लोगों को तीन महीने के भीतर चार गुना राशि दिलाने का दावा कर निवेश कराया था। कंपनी ने प्रत्येक व्यक्ति से 3000 रुपये जमा कराया था और इसके बदले में 2300 रुपये के पोस्ट डेटेड चेक तथा आयुर्वेदिक मेडिसिन और इलाज संबंधित 700 रुपये के चार कूपन दिये थे। इडी ने अनुसंधान में पाया कि पूरा घोटाला 10 करोड़ रुपये का है। प्रवर्तन निदेशालय ने इस केस में इडी कोर्ट में 5 आरोपितों के खिलाफ अभियोजन शिकायत दायर किया था। इससे संबंधित दो आरोपित राकेश कुमार पोद्दार और मुकेश कुमार पोद्दार गत वर्ष जून में गिरफ्तार किये गये थे। दोनों न्यायिक हिरासत में हैं।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.

