साल 2021 में अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी की संपत्ति में तेजी से इजाफा हुआ है। अब अडाणी संपत्ति के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक मुकेश अंबानी के बराबर हो गये हैं। वर्तमान में दोनों की दौलत 89 अरब डॉलर या 6.63 लाख करोड़ रुपये है।
अडाणी की कंपनियों का पूंजीकरण 10 लाख करोड़
एक रिपोर्ट के अनुसार अडाणी ग्रुप की कंपनियों का पूंजीकरण 10 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। जबकि, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 14.91 लाख करोड़ रुपये है। हालांकि, भले ही पूंजीकरण के मामले में रिलायंस इंडस्ट्रीज अडाणी ग्रुप से अभी भी आगे हो, लेकिन गौतम अडाणी की अपनी कंपनियों में हिस्सेदारी रिलायंस समूह की कंपनियों में अंबानी की हिस्सेदारी से अधिक है।
नेट वर्थ के हिसाब से दोनों बराबरी पर है
अडाणी ग्रुप की कंपनियों में गौतम अडाणी की हिस्सेदारी 70.59 है। इसके अलावा अडाणी की तीन कंपनियों में हिस्सेदारी 74.92 और एक कंपनी में 74.80 फीसदी है। वहीं मुकेश अंबानी की रिलायंस इंडस्ट्रीज में हिस्सेदारी 50.61 फीसदी है। इसी के आधार पर नेट वर्थ के हिसाब से दोनों बराबरी पर है।
बुधवार को अडाणी को हुआ फायदा और अंबानी को नुकसान
गौरतलब है कि अडाणी समूह की कंपनियों में बुधवार को ग्रॉस मार्केट कैप में 12,000 करोड़ रुपये और नेट मार्केट कैप में 4,250 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई। बुधवार को बाजार में अडाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 2.76 फीसदी की तेजी के साथ 1754.65 रुपये पर बंद हुआ। इसके चलते संपत्ति में हुए इजाफे के बाद अडाणी मुकेश अंबानी की बराबरी पर पहुंच गए।
वहीं बुधवार को रिलायंस के शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी थी। सऊदी अरामको के साथ 15 अरब डॉलर की डील टूटने के बाद से रिलायंस के शेयरों में लगातार गिरावट देखी जा रही है। बुधवार को बीएसई पर रिलायंस का शेयर 1.48 फीसदी टूटकर 2,350.90 रुपये पर बंद हुआ था। शेयर की कीमत घटने के चलते अंबानी को करीब 11,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था।