झारखंड में भाषा विवाद को लेकर भोजपुरी, मगही, अंगिका व मैथिली मंच द्वारा रविवार को बुलाए गए झारखंड बंद का रांची जिले के नगड़ी में कोई खास असर नहीं दिखा। आम दिनों की तरह सडकों पर आवागमन रहा। ऑफिस और बाजार भी खुले रहे।
हालांकि, प्रतीकात्मक रूप से बंद के समर्थन में कुछ लोग जरूर अल्बर्ट एक्का चौक पर जुटे। दुकानदारों को बंद में सहयोग करने को कहा। समर्थकों के जाने के बाद फिर से अपनी दुकानें खोल लीं। लोग अपनी जरूरत की चीजें बाजार में लेते दिखे। नगड़ी थाना के पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिन्हा की अगुवाई में बंद को देखते हुए फ्लैग मार्च निकाला गया। बंद को देखते हुए काफी संख्या में पुलिस की तैनाती की गयी थी।
पुलिस का फ्लैग मार्च
झारखंड बंद को लेकर रांची पुलिस मुस्तैद थी। रांची के आसपास के इलाकों में पुलिस चप्पे-चप्पे पर तैनात रही। पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। रांची के नगड़ी प्रखंड से प्रारंभ होकर फ्लैग मार्च कटहल मोड़ होते हुए पुंदाग तक गया। नगड़ी थाना के पुलिस निरीक्षक राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि सरकार की नीतियों के विरोध में शांतिपूर्ण विरोध किया जा सकता है। इस दौरान किसी को कानून तोड़ने या अशांति फैलाने की इजाजत नहीं हैं। ऐसे करते पाए जाने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
नगड़ी थाना प्रभारी विनोद राम ने बताया कि नगड़ी थाना क्षेत्र में झारखंड बंद का कोई असर नहीं है। सब कुछ सामान्य है। बाजार की दुकानें आम दिनों की तरह खुली हुई हैं।
उल्लेखनीय है कि राजधानी रांची में सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर रांची एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा ने शनिवार रात सभी थाना प्रभारियों व डीएसपी के साथ बैठक की थी और झारखंड बंद को लेकर उन्होंने निर्देश दिया था।