नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गोवा के नये मुख्यमंत्री के लिये प्रमोद सावंत के नाम पर सहमति दे दी है। विधायक दल की बैठक में सावंत के नाम पर मुहर लगाई जायेगी।
भाजपा सूत्रों के मुताबिक, केंद्रीय नेतृत्व ने गोवा के मुख्यमंत्री सावंत को दूसरा कार्यकाल देने का फैसला किया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक घोषणा विधायक दल की बैठक के बाद की जायेगी। दिल्ली पहुंचे सावंत को भाजपा नेतृत्व की ओर से इस बारे में संकेत कर दिया गया है।
विधानसभा चुनाव में सफलता के बाद भाजपा नेतृत्व ने विधायक दल का नेता चुने जाने के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक की नियुक्ति कर दी है। कृषि मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और केंद्रीय मंत्री एल. मुरुगन को राज्य के लिए पर्यवेक्षक और सह-पर्यवेक्षक बनाया गया है। होली के बाद पर्यवेक्षक गोवा जायेंगे और नये मुख्यमंत्री के चयन की प्रक्रिया पूरी करायेंगे।